July 19, 2026

विजन ग्वालियर 2035: युवा, शिक्षा, उद्योग और राजनीति के समन्वय से बनेगा भविष्य का ग्वालियर

ग्वालियर। ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन यंग लीडर्स काउंसिल (AIMA YLC) ग्वालियर चैप्टर द्वारा रविवार को होटल लैंडमार्क एनएक्स में “विजन ग्वालियर 2035” विषय पर एक भव्य विचार संगोष्ठी एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उद्योग जगत, शिक्षा, राजनीति, बैंकिंग एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लेकर वर्ष 2035 तक ग्वालियर के समग्र विकास की संभावनाओं एवं चुनौतियों पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री राजेश खन्ना, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, SRF लिमिटेड थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी शहर का विकास केवल आधारभूत संरचनाओं से नहीं बल्कि युवाओं की भागीदारी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उद्योगों के विस्तार एवं प्रभावी नेतृत्व से संभव होता है। उन्होंने ग्वालियर को मध्य भारत का प्रमुख औद्योगिक, शैक्षणिक एवं नवाचार केंद्र बनाने की दिशा में सभी हितधारकों के संयुक्त प्रयासों पर बल दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ AIMA YLC ग्वालियर चैप्टर के अध्यक्ष इंजीनियर मोहित वर्मा के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि “विजन ग्वालियर 2035” केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि शहर के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का एक सामूहिक संकल्प है। उन्होंने कहा कि युवाओं, उद्योगों, शिक्षाविदों और नीति निर्माताओं को एक मंच पर लाकर ग्वालियर के लिए दीर्घकालिक विकास की रूपरेखा तैयार करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे। विवेक प्रताप चौहान, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष, भारतीय जनता युवा मोर्चा, मध्यप्रदेश ने “युवा और राजनीति: 2035 का नेतृत्व कौन करेगा?” विषय पर बोलते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में युवाओं की राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व क्षमता देश और समाज की दिशा तय करेगी।

डॉ. मनोज पटवर्धन, प्रोफेसर, ABV-IIITM ग्वालियर ने “शिक्षा 2035: भविष्य के नेतृत्व का निर्माण” विषय पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार ही भविष्य के भारत की वास्तविक शक्ति होंगे। उन्होंने युवाओं को वैश्विक चुनौतियों के अनुरूप तैयार करने की आवश्यकता बताई।

भूपेन्द्र सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष, (IMC), मध्यप्रदेश ने उद्योग, प्रबंधन एवं उद्यमिता के क्षेत्र में ग्वालियर की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि सही दिशा में प्रयास किए जाएं तो ग्वालियर निवेश और रोजगार का प्रमुख केंद्र बन सकता है।

श्री असीम गर्ग, ब्रांच मैनेजर, IDFC FIRST Bank ने आर्थिक विकास, वित्तीय साक्षरता एवं डिजिटल बैंकिंग की भूमिका पर अपने विचार रखे तथा बताया कि वित्तीय समावेशन किसी भी शहर के सतत विकास का महत्वपूर्ण आधार है।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट अशोक शर्मा ने किया। उन्होंने सभी वक्ताओं के विचारों को प्रभावी ढंग से जोड़ते हुए कार्यक्रम को सार्थक दिशा प्रदान की।

इस अवसर पर उद्योग, शिक्षा, बैंकिंग, सामाजिक संगठनों एवं युवा नेतृत्व से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की सफलता में ग्वालियर मैनेजमेंट एसोसिएशन (GMA) के सचिव श्री श्याम अग्रवाल की विशेष भूमिका रही। उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन से कार्यक्रम को व्यापक सहभागिता प्राप्त हुई।

कार्यक्रम में IDFC FIRST Bank, IFFD, Technobit Solutions, Gwalior Potteries एवं IndiaFirst Life Insurance सहयोगी संस्थाओं के रूप में जुड़े रहे, जबकि ग्वालियर मैनेजमेंट एसोसिएशन (GMA) ने स्थानीय भागीदार के रूप में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि श्री राजेश खन्ना जी ने सभी वक्ताओं के विचारों का सार प्रस्तुत करते हुए कहा कि ग्वालियर को वर्ष 2035 तक नई पहचान दिलाने के लिए उद्योग, शिक्षा, प्रशासन एवं युवाओं के बीच निरंतर संवाद और सहयोग आवश्यक है। इसके पश्चात मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता भी आयोजित की गई।

अंत में AIMA YLC ग्वालियर चैप्टर के को-चेयरमैन श्री आकाश शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, वक्ताओं, सहयोगी संस्थाओं, मीडिया प्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि “विजन ग्वालियर 2035” जैसी पहलें शहर के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

कार्यक्रम का समापन ग्वालियर के उज्ज्वल, समृद्ध एवं प्रगतिशील भविष्य के संकल्प के साथ हुआ।

About The Author