June 12, 2026

ग्वालियर के मुरार क्षेत्र में 21 वर्षीय युवक की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या

ग्वालियर। शहर के मुरार थाना क्षेत्र में पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बुधवार को हाथी खाना इलाके में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई, जबकि उसे बचाने आई उसकी मां भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक महिला आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

20 हजार रुपए के लेनदेन से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार हाथी खाना निवासी मोनू राजे ने कुछ समय पहले अपने पड़ोसी गोलू कटारे से 20 हजार रुपए उधार लिए थे। इसी लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार को पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर गोलू कटारे घर से चाकू लेकर आया और मोनू राजे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के कई वार लगने से मोनू गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बेटे को बचाने पहुंची मां भी हुई घायल
हमले के दौरान मोनू की मां सुनीता राजे अपने बेटे को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मां-बेटे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मोनू राजे को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी मां सुनीता का गंभीर हालत में उपचार जारी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना स्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी गोलू कटारे सहित अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

About The Author